दिल्ली: जहरीली हवा का स्कूलों पर असर, 5वीं क्लास तक हाइब्रिड मोड में होगी पढ़ाई
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई अनिवार्य की है. अब बच्चे स्कूल जाकर या घर बैठे ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे.

राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण का असर अब स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ने लगा है. लगातार खराब हो रही हवा को देखते हुए दिल्ली के शिक्षा निदेशालय ने कक्षा 5 तक के सभी स्टूडेंट्स की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने का निर्देश दिया है. इसके तहत बच्चों को स्कूल जाकर पढ़ने या घर बैठे ऑनलाइन क्लास करने, दोनों का विकल्प मिलेगा. अब अभिभावक अपने बच्चों की सेहत और सुविधा को ध्यान में रखते हुए तय कर सकेंगे कि उन्हें स्कूल भेजना है या ऑनलाइन पढ़ाई करानी है.
शिक्षा निदेशालय की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश में दिल्ली के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को शामिल किया गया है. यह निर्देश सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर लागू होगा. इसके अलावा नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC), दिल्ली नगर निगम (MCD) और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों को भी इस आदेश का पालन करना होगा.
निर्देश के मुताबिक, कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई की व्यवस्था करनी होगी. स्कूलों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कक्षाएं संचालित करनी होंगी, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो.
GRAP-3 के तहत लिया गया फैसला
दरअसल, दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है. प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-3 के तहत लागू होने वाले प्रतिबंधों और उपायों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है.
इसी आदेश के अनुपालन में दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने छोटे बच्चों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई का फैसला लिया है. इसका मकसद बच्चों को प्रदूषित हवा के सीधे संपर्क में आने से बचाना है. खासतौर पर छोटे बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है. फिलहाल इस व्यवस्था के तहत अभिभावकों को ऑनलाइन और ऑफलाइन पढ़ाई में से किसी एक विकल्प को चुनने की सुविधा दी गई है.




